दुलहीपुर। दुलहीपुर स्थित बीपी हायर सेकेंडरी स्कूल में चल रहे टैंलेंट क्रिकेट हंट में चंदौली, वाराणसी, बलिया और सोनभद्र के क्रिकेट खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। दो दिवसीय ट्रायल में अंडर 14, अंडर 16, अंडर 19 और अंडर 23 एज ग्रुप के 230 क्रिकेटर शामिल हुए। अब सभी ग्रुपों की चार-चार टीमें बनेंगी और मैच खेला जाएगा। इनमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्कालरशिप दी जाएगी। टैलेंट सर्च स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एसोसिएशन की ओर से गांव में प्रतिभा की खोज के उद्देश्य से जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों का चयन ट्रायल किया गया। टैलेंट सर्च के सीईओ धीरज कुमार ने बताया कि ट्रायल का उद्देश्य गांव- गांव के प्रतिभाओं को खोज कर बाहर लाना है। इसी उद्देश्य से क्रिकेट का पहला ट्रायल चंदौली में रखा गया। इस कड़ी में दूसरे दिन सोमवार को चीफ सेलेक्टर सत्य प्रकाश, पूर्व रणजी क्रिकेटर अशोक यादव, शौजब हुसैन फर्स्ट क्लास यूपी क्रिकेटर की देखरेख में खिलाड़ियों का चयन किया गया। सत्यप्रकाश ने बताया कि ट्रायल के बाद सभी ग्रुप की चार-चार टीम बनेगी और इनके बीच मैच खेला जाएगा। इस दौरान मुकेश पटेल, आजाद सिंह, निहाल, राहुल सिंह रहे।