पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर । अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरेसर गांव में शनिवार की रात एक युवक ने पुरानी रंजिश को लेकर जितेंद्र पासवान (18) को गोली मार दी । गोली युवक के बांयें हाथ मे लगी । घटना के बाद आनन फानन में परिवार वाले युवक को मंडल लोको अस्पताल लेकर पहुंचे , जहाँ से उसे ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया ।अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अपयार्ड निवासी रेलकर्मी शंकर प्रसाद का पुत्र जितेंद्र पासवान (18) अपने मित्र धीरज सिंह के साथ घर पर आईपीएल मैच देख रहा था । धीरज ने बताया कि मैच खत्म होने के बाद जितेंद्र उसे बुलेट से घर छोड़ने जा रहा था । इसी बीच सरेसर गांव के समीप बबलू यादव नामक युवक ने गाड़ी रोक ली और उसकी पिटाई शुरू कर दी । इस दौरान उसने अपने पास रखी पिस्टल से जितेंद्र पर फायर कर दिया । गोली उसके बांये हाथ में जा लगी । मौके पर पहुंचे परिवार वाले उसे आनन फानन में मंडल लोको अस्पताल लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घायल युवक के चाचा शम्भू ने बताया की उनका गांव में पुरानी रंजिश थी जिसमे छह माह पहले भी विवाद हुआ था। सीओ सदर ने बताया कि पुरानी रंजिश में गोली मारी गयी है ।गोली युवक के हाथ मे लगी है। घटना में शामिल युवक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।