क्षेत्र के कस्बा स्थित बाघी गांव निवासी एक युवक की महाराष्ट्र से लौटते समय परतूर रेलवे स्टेशन के पास गिरने से मौत हो गई। इसकी खबर मिलने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। महाराष्ट्र रेलवे पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। बाघी गांव निवासी आकाश उर्फ लालू (18) नरेंद्र जायसवाल एक माह पहले गांव से कमाने के लिए महाराष्ट्र गया हुआ था। वह औरंगाबाद इलाके की एक कंपनी में काम करने लगा था। विगत 19 मई को मनमांड से रात के दो बजे देवगिरी एक्सप्रेस से अपने बड़े भाई अंकित के साथ घर आ रहा था। भोर में शौच के लिए गया आकाश अनियंत्रित होकर ट्रेन के नीचे आ गया। घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। उसका शव शनिवार को जालना जिले के परतूर स्टेशन के समीप ख़ून से लथपथ रेलवे पुलिस को मिला। पुलिस ने जेब में पड़े आधार कार्ड और उसके भाई की शिनाख्त के बाद घर वालों को सूचना दी। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। शनिवार की दोपहर 12 बजे रेलवे पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर लाश परिजनों को सौंप दी जिसे लेकर घर के लोग चल दिए हैं। वे सोमवार की सुबह नौगढ़ पहुंचेंगे।