कौलापुर। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के सुजातपुर गांव में दो बाइकों की टक्कर में केदारपुर गांव निवासी धीरज गौतम (26) की मौत हो गई। वहीं दो किशोर घायल हो गए। युवक देर शाम कीर्तन से लौट रहा था। उसकी पत्नी चार महीने की गर्भवती है। केदारपुर निवासी धीरज मजदूरी कर जीवन-यापन करता है। शुक्रवार की शाम वह मंदिर पर कीर्तन करने गया था। वहां से वह लौट रहा था। सुजातपुर गांव स्थित रेलवे क्राॅसिंग के समीप बेरासपुर निवासी ओम निषाद (17) और कमलेश निषाद (16) की बाइक से उसकी टक्कर हो गई। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को गोपीगंज सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से धीरज को प्रयागराज रेफर कर दिया गया। रास्ते में ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी तीन बेटियां हैं। उसकी पत्नी चार माह की गर्भवती है। पिताजी कीर्तन में ढोल बजाया करते हैं। बड़ा भाई मानसिक रूप से बीमार है। धीरज ही परिवार की जीविका चला रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।