बलुआ थाना क्षेत्र के अमरीपुर गांव में काली माता मंदिर के समीप नाली में आनंद कुमार पांडेय (30) मंगलवार की सुबह अचेतावस्था में पड़ा मिला। वह रात से ही घर से लापता था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को जिला अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से पिता अजय कुमार, माता विद्या देवी, बड़ा भाई अभिषेक का रोकर बुरा हाल है। बलुआ एसओ अरुण कुमार सिंह ने बताया अमरीपुर गांव निवासी आनंद कुमार पांडेय घर पर रहकर खेती करता था। सोमवार की शाम वह घर से कहीं चला गया। इसके बाद रातभर वह नहीं लौटा। परिवार वालों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह आनंद काली माता मंदिर के पास छोटी नाली के पास अचेतावस्था में मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे बलुआ एसओ ने उसे नाली से निकाला और उसे अपने गाड़ी से जिला चिकित्सालय ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आनंद की शादी सकलडीहा के फुल्ली गांव में हुई थी। उसकी पत्नी चार वर्षों से मायके में रह रही थी। दोनाें के छह वर्षीय पुत्र भी है, जो अपनी मां के साथ रहता है । एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।