कंदवा क्षेत्र के ओयरचक गांव निवासी पीयूष खरवार (24) की बृहस्पतिवार की देर रात गाजीपुर मुहम्मदाबाद के समीप सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वहीं बाइक पर बैठा दीपक (25) गंभीर रुप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उसे चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया।
सुबह पीयूष का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शुक्रवार को जमानिया गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया। ओयरचक गांव निवासी रमाकांत खरवार का पुत्र पियूष अपने साथी दीपक के साथ बाइक से किसी मांगलिक कार्य में शामिल होने के लिए मुहम्मदाबाद के पास किसी गांव में गया था। रात लौट रहे थे। अभी वे मुहम्मदाबाद चौराहे के समीप पहुंचे थे कि सड़क दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तब तक पियूष खरवार की मौके पर ही मौत हो गई।