कंदवा। सैयदराजा जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर परसडीहा काली मंदिर के पास शुक्रवार को दिन में 11 बजे अनियंत्रित बाइक पलटने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तलाशपुर निवासी युवक गांव से जमानियां बाजार कुछ सामान खरीदने जा रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना से परिवार सहित पूरे गांव में कोहराम की स्थिति है। स्थानीय थाना के तलासपुर गांव निवासी रामबिलास उर्फ टुन्ना यादव का पुत्र सुजीत यादव (18) बाइक से जमानिया बाजार जाने के लिए निकला था। अभी वह गांव से कुछ दूर स्थित परसडीहा काली मंदिर के पास पहुंचा था कि सैयदराजा जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर पानी भरे गड्ढे में फंसकर बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। सिर में गंभीर चोट लगने से बाइक सवार सुजीत की मौके पर ही मौत हो गई। युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखी थी। बारिश के चलते आवागमन कम होने के कारण दुर्घटना का पता तुरंत नहीं लग पाया। उधर से गुजर रहे एक वाहन चालक ने इसकी सूचना पुलिस को दिया। सूचना पर जमानिया चौकी प्रभारी अमित कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और शव और बाइक को कब्जे में लेकर जमानिया थाने पहुंचाया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातम का माहौल हो गया। प्रभारी निरीक्षक जमानियां संपूर्णानंद ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इससे हादसे में किशोर की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया गया है और घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।