पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना के वार्ड नंबर 16 में करंट की चपेट में आने से शनिवार की देर रात युवक की मौत हो गई। परिवार वालों ने आपसी पंचायत के बाद पुलिस को सूचित किए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। अलीनगर निवासी सोनू गुप्ता (25) घर में ही दोना पत्तल बनाता था। शनिवार की रात वह मशीन चालू कर रहा था। इसी बीच मशीन में करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गया। परिवार के लोगों ने किसी तरह उसे छुड़ाया और निजी अस्पताल ले जाने लगे। अस्पताल पहुंचने के पहले ही सोनू ने दम तोड़ दिया। सोनू चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। दो वर्ष पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसका एक वर्ष का पुत्र भी है। सोनू की मौत से परिवार वालों का रो रोक कर हाल बेहाल हो गया। पत्नी पूजा तो बार बार अचेत हो जा रही थी। बाद में परिवार वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।