मुगलसराय थाना क्षेत्र के सेमरा गांव के समीप तेज रफ्तार वाहन ने एक युवक को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक शुक्रवार की शाम को ईंट उतारने के काम के लिए निकला था और शनिवार की सुबह घर लौट रहा था। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी स्व. कालिका प्रसाद की दो बेटी और पांच बेटों में सबसे छोटा पुत्र मंजीत कुमार उर्फ लूढ़ू (23) शुक्रवार की रात नौ बजे घर से खाना खाकर ईंट उतारने की बात कहकर निकला था। सुबह काम पूरा करने के बाद वह घर लौट रहा था कि सेमरा गांव के मजार के पास तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वाहन चालक मौके से भाग गया। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इनसेट-
पति के बाद पुत्र की मौत से सुशीला का रो-रोकर बुरा हाल
सेमरा गांव निवासी कालिका प्रसाद की वर्ष 2019 में मौत हो गई थी। पति की मौत के चार वर्ष भी नहीं हुए थे कि पुत्र मनजीत की भी मौत हो गई। इसने सुशील देवी को झकझोर कर रख दिया। पुत्र की मृत्यु की सूचना पर उनका रो-रोकर बुरा हाल था। वे बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। ग्रामीणों ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद सुशीला ने अकेले ही सात बच्चों का पालन पोषण किया। मौके पर मौजूद लोगों की आंखे भर आईं।