पड़ाव क्षेत्र के चौरहट निवासी मोबीन मोहम्मद खान को कोबरा ने डंस लिया था लेकिन झाड़ फूंक की जगह वे समय से राजकीय महिला चिकित्सालय पहुंच गए। चिकित्सकों की तत्परता और समय पर मिले उपचार से बच गई। स्वस्थ होने के बाद मोबीन के परिजनों ने बृहस्पतिवार को अस्पताल पहुंचकर चिकित्सा प्रभारी डॉ. एस.के. चतुर्वेदी का आभार जताया। चिकित्सक प्रभारी ने कहा कि आपकी तरह हर कोई सांप के काटने के बाद अस्पताल पहुंच जाए तो निश्चित जान बच सकती है। रविवार को चौरहट के समीप जंगल क्षेत्र में कार्य के दौरान मोबीन को जहरीले कोबरा सांप ने काट लिया था। सांप के काटने के बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। शरीर नीला पड़ने लगा और आवाज भी बंद होने लगी। गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए राजकीय महिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सा प्रभारी डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बिना समय गंवाए उपचार शुरू कराया। समय पर इलाज मिलने से मोबीन की हालत में तेजी से सुधार हुआ और कुछ ही देर में उनकी स्थिति सामान्य होने लगी। तीन दिन के उपचार के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ पाए गए। डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि यदि मरीज को अस्पताल पहुंचाने में लगभग 10 मिनट की भी देरी हो जाती, तो उसकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था। उन्होंने सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी। बताया कि सांप काटने के तीन दिन तक मरीज चिकित्सकीय देख रेख में रखा जाता है।