नौगढ़ । प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत क्षेत्र के आठ गांवों की सूरत बदलने का प्रयास होगा। इसके लिए तैयारियां की जा रही है। दस विभागों के अधिकारी इस कार्य को पूरा करने में सहयोग प्रदान करेंगे। इस योजना के लिए उन्हीं गांवों को चुना गया है जहां पचास प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जाति के लोग निवास करते है। चयनित गांवों में बिजली, सड़क, पेयजल व्यवस्था समेत सभी मूलभूत सुविधाओं का लाभ गांव के लोगों को मिलेगा। आवास ,शौचालय से लेकर पेंशन भी सभी पात्रों को मिलेगी। प्रधानमंत्री आदर्श गांव योजना के तहत बसौली, नरकटी, जमसोती, तेंदुआ, औराही पिपराही ,जनकपुर ,तिवारीपुर गांवों का चयन किया गया है। शासन से अनुमति मिलने के बाद अधिकारियों ने चयनित गांवों के विकास के लिए खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। इन गांवों में 20 -20 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश और केंद्र सरकार की संचालित योजनाओं का भी लाभ इन गांवों को मिलेगा। इसके तहत पात्र व्यक्तियों को आवास ,शौचालय, राशन कार्ड, वृद्धा, विधवा पेंशन, किसान सम्मान निधि इत्यादि योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिया जाएगा।