पीडीडीयू नगर। शहाबगंज थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में बृहस्पतिवार को पंखे पर उतरे करंट की चपेट में आकर मजदूर की मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने मुआवजे की मांग की है। शहाबगंज थाना क्षेत्र के सारिंगपुर गांव का निवासी जयप्रकाश (45) रामपुर गांव में सुभाष यादव के घर के निर्माण कार्य में दूसरे मजदूरों के साथ लगा था। इसी दौरान उसने पास में रखे फर्राटा पंखे को हटाने का प्रयास किया तो करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद मजदूर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, मौत की सूचना से जयप्रकाश के परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के साथ परिजन स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। पत्नी मनोरमा और बच्चों को ग्रामीण संभालते रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।