चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशसराय गांव में बुधवार को निर्माणाधीन मकान में काम करते समय करंट लगने से मजदूर राम प्रताप प्रजापति (28) निवासी बिछिया कला की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य मजदूर झुलस गए। जगदीशसराय गांव में निर्माणाधीन मकान में मजदूर पिलर बना रहे थे। इसी दौरान सरिया ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से छू गया। करंट की चपेट में आने से मजदूर राम प्रताप प्रजापति उर्फ बाबू (28) झुलस गए। पास में ही स्थित गड्ढे में गिर गए। आसपास के लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कराकर घायल राम प्रताप को जिला अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल बीके पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे में बद्दर राम (60) और जसुरी गांव निवासी बाबूलाल (50) भी झुलसे हैं। हालांकि, उन्हें गंभीर चोट नहीं आई है। राम प्रताप की शादी दस साल पहले बथावर गांव निवासी रीता से हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे किशन (6) और कन्हैया (3) हैं।