दशहरा पर्व के चलते फोरलेन के किनारे बिजली के खंभे और तार बदलने का काम रोक दिया गया था। पर्व समाप्त होने के बाद सोमवार से काम दोबारा शुरू कर दिया गया। हालांकि, पहले दिन केवल अर्थिंग के तार लगाए गए, इसलिए बिजली कटौती नहीं करनी पड़ी। पड़ाव चौराहे से गोधना मोड़ तक नवनिर्मित सिक्सलेन और फोरलेन के किनारे बिजली के नए खंभे और तार लगाए जा रहे हैं। चंदासी कोल मंडी से शुरू हुआ काम सुभाष पार्क तक पहुंच गया है। कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने सोमवार को गुरुद्वारे के सामने से सुभाष पार्क तक लगाए गए नए खंभों में अर्थिंग के तार जोड़े। इस दौरान बिजली आपूर्ति बाधित नहीं हुई। हालांकि, फेज के तार लगाने के दौरान बिजली कटौती करनी पड़ सकती है।पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि कार्यदायी संस्था को जल्द से जल्द खंभे और तार लगाने का काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।