पीडीडीयू नगर। राष्ट्रीय बेटी दिवस पर गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा बुलंद किया गया। इस दौरान बेटी को शिक्षित करने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। बताया गया कि बेटियों के शिक्षित होने से ही समाज प्रगति कर सकता है। मिलान फाउंडेशन की ओर से नगर के काली महाल स्थित एक लॉन में आयोजित कार्यक्रम में बेटियों की ओर से प्रस्तुत नाटक देख महिलाएं भावुक हो गई। इस दौरान लोगों से किसी भी दशा में बेटियों को शिक्षित करने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर अतिथि के रूप में आए सभासद नायब अहमद रिंकू, शिक्षक जनार्दन, श्रीधर, आकाश आदि ने महिलाओं को शिक्षित करने पर जोर दिया। कहा कि यदि एक व्यक्ति पढ़ता है तो सिर्फ वह शिक्षित होता है लेकिन यदि बेटी शिक्षित होती है तो दो खानदान शिक्षित होता है। कहा कि महिलाओं को समानता का अधिकार मिलेगा, बेटियां शिक्षित होंगी तभी हमारा समाज विकसित हो सकता है। इसके पूर्व ज्येेति ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोहा। वहीं छात्राओं ने बेटी शिक्षा पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर लोगों को भावविह्वल कर दिया। इस दौरान आकांक्षा, अनामिका, स्नेहा, प्रीति, काजल, ज्योति, निशा, शिखा, पूनम, नंदनी, स्मिता, गौरी, रानी, लल्ली आदि रहे। संचालन अंजली ने किया।