चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के काली महाल में राॅड से वार कर महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है।
पुलिस ने हत्या के आरोपी को रविवार की सुबह काली महाल चौराहे से गिरफ्तार कर उसके पास से रॉड, खून से लथपथ कपड़े और मफलर बरामद किया है।
पुलिस लाइन में रविवार को एसपी आदित्य लांग्हे ने इसकी जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि काली महाल में देशी शराब के ठेका के सामने हीरावती देवी (55) चखना बेचती थी।
शुक्रवार की भोर में काली महाल निवासी हिमांशु गुप्ता नशे की हालत में उसकी दुकान पर पहुंचा और उससे चीखना व शराब मांगने लगा।
महिला ने शराब नहीं बेचने की बात कही तो आरोपी ने गुस्से में लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया।
इससे महिला की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। मामले के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गईं।
शराब की दुकान और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक युवक चखने की दुकान से बाहर निकलता दिखाई दिया।
आरोपी की शिनाख्त होने के बाद रविवार को प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर के नेतृत्व में पुलिस और स्वाट टीम ने घेराबंदी कर हिमांशु गुप्ता को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल की। उसके पास से लोहे की रॉड और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए।
एसपी के अनुसार युवक ने बताया कि रात में जब नशा कम होने लगा तो वह और शराब पीने की चाहत में ठेका के सामने हीरावती देवी की दुकान पहुंचा।
महिला ने चखना और शराब देने से मना कर दिया। इसको लेकर विवाद हुआ और गुस्से में मैने कमरे में रखे लोहे का राड से उस पर हमला कर दिया।