मोहनिया। कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के पतरिहा गांव में पारिवारिक कलह से आजिज आकर एक महिला ने सोमवार की सुबह अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। महिला आंगनबाड़ी सेविका थी। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चारों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ स्थित सदर चिकित्सालय भेज दिया। पतरिहा गांव निवासी अजय बिंद की पत्नी रिंकू देवी (33) सोमवार की सुबह अपने पुत्र बालवीर (08), आर्यन (04) व पुत्री हसीना के साथ कुएं में छलांग लगा दी। इसकी सूचना मिलते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई और आनन-फानन में महिला सहित उसके तीन बच्चों को निकालने में जुट गए। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कुएं में पानी अधिक होने के कारण डीजल इंजन की मदद से पानी को बाहर निकाला गया। इसके बाद चारों शव कुएं से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ स्थित सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में ले लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई। महिला के पिता चौधरी बिंद ने बताया कि घटना के पीछे कारण समझ से परे है। भगवानपुर थानाध्यक्ष अनिल प्रसाद ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।