हरतालिका तीज पर्व 12 सितंबर को मनाया जाएगा। पर्व नजदीक आते ही जिले के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बाजारों में शृंगार और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानें सज गई हैं। चूड़ी, बिंदी, मेहंदी, झुमके, पायल, मंगलसूत्र और हरे रंग की साड़ियों की मांग बढ़ गई है। हाथों में मेहंदी रचाने के लिए महिलाओं ने पहले से ही बुकिंग करानी शुरू कर दी है। ब्यूटी पार्लरों और मेहंदी स्टॉल संचालकों ने भी ग्राहकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं। ज्ञानपुर के सौंदर्य प्रसाधन के विक्रेता राकेश ने बताया कि तीज पर महिलाएं पारंपरिक शृंगार सामग्री के साथ नई डिजाइन के आभूषण और कॉस्मेटिक उत्पाद पसंद कर रही हैं। हरे रंग की चूड़ियों और बिंदी की बिक्री सबसे अधिक है। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए दुकानों पर नई वैराइटी मंगाई गई है। पर्व नजदीक आने पर कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है। वहीं ब्यूटी पार्लर चलाने वाली नीलम ने बताया कि हरतालिका तीज पर सजने-संवरने के लिए महिलाओं ने अभी से ब्यूटी पार्लरों में बुकिंग करानी शुरू कर दी है। तीज पर मेहंदी और सोलह शृंगार का विशेष महत्व होने के कारण इनकी मांग बढ़ गई है। मेहंदी, फेशियल, हेयर स्टाइल और मेकअप के लिए बुकिंग हो रही है। सुजातपुर निवासी आचार्य शरद पांडेय ने बताया कि भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरतालिका तीज मनाई जाती है। इस दिन सुहागिन महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। पर्व पर महिलाएं सोलह शृंगार कर झूला झूलने और तीज के पारंपरिक आयोजन में शामिल होती हैं।