नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के पचफेड़वा स्थित नेशनल हाईवे पुल पर शुक्रवार को एक कार में युवक का शव पाए जाने से हड़कंप मच गया था। इस मामले में मृतक की पत्नी सीमा त्रिवेदी ने शनिवार को थाने में बिहार निवासी दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर छानबीन में जुट गई है। अलीनगर पुलिस को पचफेड़वा पुल पर सड़क के किनारे शुक्रवार को एक लावारिस कार खड़ी मिली थी। कार के अंदर एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी थी। वहीं कार में मिले कागजात के आधार पर पुलिस ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर रोते बिलखते परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। मृतक के भाई आलोक त्रिवेदी ने शव की पहचान की। उसके अनुसार मृतक 38 वर्षीय अभिषेक त्रिवेदी बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के मुठानी गांव का रहने वाला था। वर्तमान में वह वाराणसी के सामने घाट में अपार्टमेंट बनाकर पत्नी के साथ रह रहा था। अभिषेक पूर्व में शराब का कारोबारी था लेकिन बिहार में शराबबंदी के बाद वह वाराणसी में रहने लगा था। अपार्टमेंट में किराएदार ही रहते हैं। अभिषेक बृहस्पतिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी पत्नी सीमा से किसी कार्यवश जाने की बात कह कर घर से निकला था। शुक्रवार की सुबह पचफेड़वा पुल पर कार में शव होने की सूचना जब अलीनगर पुलिस ने दी तो मौके पर उसके परिजन यहां पहुंचे थे। मामले में मृतक की पत्नी सीमा ने थाने में बिहार निवासी दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इस संबंध में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की ओर से नामजद तहरीर मिली है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।