चंदौली । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नए शैक्षणिक सत्र में कई बदलाव किए हैं। राजकीय व सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों में कंप्यूटर से पढ़ाई अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए इन स्कूलों में वाई-फाई की व्यवस्था कराई जा रही है। विद्यार्थियों की ई-मेल आइडी भी बनाई गई है। नीति आयोग ने राजकीय स्कूलों को स्मार्ट बनाने के लिए बजट जारी किया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कक्षा नौवीं की वार्षिक और 10 वीं की बोर्ड परीक्षा में 30 फीसद बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल होंगे।
जनपद में 246 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। यहां 1.36 लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें 28 राजकीय व 34 सहायता प्राप्त स्कूल हैं। इनमें नए शैक्षणिक सत्र के कैलेंडर के अनुसार इस बार 18 प्रकार की गतिविधियां कराई जाएंगी। छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ अतिरिक्त पाठ्यक्रम गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में यह पहल की गई है। 12वीं कक्षा के बाद विश्वविद्यालय व कालेजों में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना जागृत करने के लिए समाजोपयोगी उत्पादक कार्य महीने में एक बाद दिन कराया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि इस संबंध में स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए गए हैं।