क्षेत्र के लीलापुर गांव निवासी किसान अक्षय कुमार सिंह वउमानाथ सिंह के खेत में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की मौजदूगी में शनिवार को गेंहू की क्रॉप कटिंग कराई गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में क्रॉप कटिंग प्रयोग के आधार पर फसलों की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़े तैयार किये जाते हैं जिससे उत्पादन का सटीक आंकलन प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने खेत का नक्शा व भू-अभिलेखों की जांच करते हुए काश्ताकार से बोए हुए फसल की जानकारी ली। बताया कि एक त्रिभुज आकार एरिया का क्रॉप कटिंग 43.30 वर्ग मीटर की गई। इसमें क्रमश: 12.110 किलो व 14.230 किलो का उत्पादन प्राप्त किया गया। इस आधार पर लगभग 30.42 क्विंटल प्रति हेक्टेयर गेहूं की उपज का औसत हासिल किया गया है। उन्होंने किसानों को अपने नजदीकी क्रय केंद्रों पर गेहूं का विक्रय करने के लिए सलाह देते हुए कहा कि किसानों को गेहूं विक्रय का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की ओर से वर्ष 2023-24 में राजकीय गेंहू क्रय केंद्रों पर गेहूं का समर्थन मूल्य 2125 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। गेहूं की खरीद एक अप्रैल से 15 जून तक होगी। उन्होने किसानों से खेत में गेंहू की पराली न जलाने की अपील की। इस मौके पर एसडीएम सदर दिग्विजय प्रताप सिंह, तहसीलदार सतीश कुमार, सहायक सांख्यिकीय अधिकारी मनीष कुमार जायसवाल, लेखपाल विनित कुमार सिंह, बीमा कंपनी के जनपद प्रतिनिधि शरद मंडवाल व राकेश श्रीवास्तव रहे।