पीडीडीयू नगर। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में फिर बदलाव के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार और बृहस्पतिवार को जिले में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओले गिरने के आसार हैं। इसका असर आगामी दो दिनों तक रहेगा। इस समय तेज धूप की वजह प्रदेश के कई जिलों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच गया है। जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, प्रदेश के कई इलाकों में मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दो दिन जिले के कुछ स्थानों में बारिश व ओले पड़ने की संभावना है। यदि बारिश हुई तो गेहूं, सब्जी और आम की फसल को नुकसान होगा। राज्य कृषि व मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली और आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।