टांडाकला। स्थानीय ग्रामसभा स्थित जल निगम की ओर से लगे पानी की टंकी का स्टार्टर खराब हो जाने से दो दिन से कई गांवों में पानी की आपूर्ति ठप है। इससे ग्रामीणों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। कई गांव के ग्रामीण सरकारी हैंडपंपों का दूषित पानी पीने को विवश हैं। इस पानी टंकी से टांडाकला सहित सोनबरसा, टांडाखुर्द, नाथूपुर सहित आधा दर्जन गांवों में पानी की आपूर्ति की जाती है। इससे कई गांव के लोग सरकारी हैंड पंप एवं प्राइवेट बोरिंग का दूषित पानी पीने को विवश हैं। ग्राम प्रधान अमरेश मौर्य के प्रतिनिधि अमित कुमार सिंह ने कहा कि स्टार्टर जलने की जानकारी मिली है। मैकेनिक बुलाया गया है। शीघ्र ही स्टार्टर की मरम्मत करा पानी की सप्लाई आरंभ कर दी जाएगी।