कंदवा। क्षेत्र के कंजेहरा गांव की मुख्य गली में जलभराव व कीचड़ के चलते लोगों को दिक्कत हो रही है। गली में हो रहा जल भराव संक्रामक बीमारियों को न्योता दे रहा है तो वहीं शाम ढलते ही लोग मच्छरों के आतंक से परेशान हैं। कंजेहरा गांव के मुख्य गली में साफ सफाई न होने के चलते नाली जाम हो गई है। इसके चलते गली में बने सीसी रोड पर पानी लग रहा है। बारिश होने के बाद स्थिति और बदतर हो गई है। पानी व कीचड़ के बाद भी लोग इस गली से गुजरने को मजबूर हैं। गली में हो रहे जल भराव और कीचड़ के चलते गली के आस पास के लोगों को संक्रामक बीमारियों के फैलने का भी भय सता रहा है। गांव के गुलाब यादव, काशीनाथ यादव, हरहंगी यादव, रंजीत यादव, रविकांत यादव आदि ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए समस्या के समाधान की मांग की है। एडीओ पंचायत बरहनी मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।