नौगढ। नक्सल क्षेत्र में अधिक दूरी पर बनाए गए दो गांवों के मतदान केंद्रों का जिलाधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बदलाव कर दिया है। इसकी जानकारी होने पर बुधवार को गांव के लोगों में खुशी का माहौल छा गया। इसके लिए उन्होंने डीएम को धन्यवाद दिया है। विकास खंड के ग्राम पंचायत बसौली व लौवारी कला के मतदान स्थल में बदलाव किया गया है। ग्राम पंचायत लौवारी कला के प्राथमिक विद्यालय में वार्ड संख्या 6 से 9 के मतदाताओं का मतदान स्थल बनाया गया था जिसे बदलकर प्राथमिक विद्यालय जमसोती में मतदान केंद्र 3 और कक्ष संख्या 5 से संबंद्ध कर मतदान स्थल बनाया गया है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत बसौली में वार्ड संख्या एक से 5, वार्ड संख्या 6 से 9 वार्ड, संख्या 10 से 13 के मतदाताओं का प्राथमिक पाठशाला बसौली प्रथम मतदान केंद्र और कक्ष संख्या तीन के मतदान स्थल को बदलकर अब प्राथमिक पाठशाला लालतापुर के मतदान केंद्र और कक्ष संख्या एक मतदान स्थल से जोड़ा गया है। मतदान केंद्रों की अधिक दूरी होने के कारण एसडीएम डॉ अतुल गुप्ता की जांच रिपोर्ट के बाद डीएम ने दोनों गांव के उक्त मतदान केंद्रों का बदलाव करते हुए इसकी रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को प्रेषित कर दी है।