सकलडीहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सकलडीहा ब्लॉक के पांच गांवों में स्वास्थ्य उपकेंद्रों का वर्चुअल उद्घाटन किया। जिन्हें सकलडीहा सीएचसी से संबंद्ध किया गया है। इन उपकेंद्रों के खुल जाने से एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। यह उपकेंद्र चतुर्भुजपुर, नई कोट, सैदपुरा, बरठी व नसीरपुर पट्टन में खोले जाएंगे। फिलहा अभी वहां कोविड-19 के बचाव के टीके लगाये जा रहे है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ इन केंद्रों पर मुहैया कराया जाएगा। परिवार कल्याण, कोविड टीकाकरण, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना व गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण जैसी सुविधाएं ग्रामीणों को मिलेंगी। ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इधर-उधर भटकना नही पड़ेगा। इस बाबत अधीक्षक डा. संजय यादव ने बताया कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए स्वास्थ्य उपकेन्द्र बनाये जा रहे हैं।