इलिया। कस्बा के यादव बस्ती में नाबदान के पानी की निकासी न होने से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को नाली पर ही धरने पर बैठ गये। मौके पर पहुंचे बीडीओ दिनेश सिंह ने प्रधान को एक सप्ताह के अंदर नाली बनवाकर पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। कस्बा के यादव बस्ती जाने वाले मार्ग पर आज तक नाली का निर्माण नहीं कराया गया है। इससे नाबदान का पानी गली में बहता रहता है। इसके बीच से होकर बस्ती के लोगों को घरों तक जाना पड़ता है। बरसात में गली में नारकीय स्थिति हो जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि गली में नाली निर्माण और पानी निकासी की व्यवस्था के लिए दशक पहले से ही मांग की जाती रही है लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि ने इस समस्या की ओर आज तक ध्यान नहीं दिया। इससे दिन पर दिन स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। जिस पर बस्ती के लोग बीच गली में प्रशासन के विरुद्ध नारा लगाते हुए धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर 3 घंटा बाद बीडीओ दिनेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके का निरीक्षण कर ग्रामीणों की जायज मांगों को देखते हुए प्रधान सुरेंद्र गुप्ता को एक सप्ताह के अंदर नाली निर्माण कराकर पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित जाने का निर्देश दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। इस अवसर पर एडीओ पंचायत अरविंद सिंह, थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह, एकलाख जिद्दी, जयप्रकाश दूबे, दूधनाथ यादव, राजेंद्र यादव, सिंपल पांडेय, जेपी यादव, बैजनाथ यादव, बजरंगी यादव, ज्ञानचंद्र यादव, रामकृत यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।