इलिया। थाना क्षेत्र के खरौझा गांव के ग्रामीण इन दिनों बंदरों के आतंक से काफी परेशान हैं। आक्रामक हो चुके ये बंदर अब तक कई लोगों को काटकर जख्मी भी कर चुके हैं। सूचना के बाद गांव पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने एक छोटा पिंजरा लगाकर कार्य की इतिश्री कर ली है। रविवार की सुबह बंदरों के झुंड ने गांव निवासी श्रीशेष विश्वकर्मा (23) पर हमलाकर जख्मी कर दिया। इसके अलावा नजीम (22) को भी बंदरों ने काटकर घायल कर दिया। सैकड़ों की संख्या में जंगलों से आए बंदरों के झुंड ने गांव में आतंक फैला रखा है। ग्रामीणों का कहना है कि मकान के छत के ऊपर रखे सामानों को बंदर नष्ट कर दे रहे हैं। अब तक बंदर गांव के जयप्रकाश शर्मा, नवल शर्मा, निर्मला देवी, बृजबाला देवी, रौनक, चंदा देवी सहित दर्जनों लोगों को अपना निशाना बना चुके हैं। इससे ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बंदरों के आतंक की सूचना एक वर्ष पूर्व वन विभाग को दी जा चुकी है। करीब 10 दिन पूर्व पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी गांव में छोटा सा पिंजरा लगाकर चले गए। वन विभाग के रवैये से तंग आकर जयप्रकाश शर्मा ने रविवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा से बंदरों के आतंक से छुटकारा दिलाए जाने की मांग की है।
रिपोर्ट- राकेश केशरी
संपादन- धनंजय
बाइट- 1163