चंदौली। बनरसिया गांव में सड़क, जलनिकासी और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाली से परेशान दर्जनों ग्रामीण सोमवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मिले। ग्रामीणों ने गांव की समस्याओं से अवगत कराते हुए सड़क और नाली निर्माण, खराब रास्तों की मरम्मत और अस्पताल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इस संबंध में डीएम को पत्रक भी सौंपा। ग्रामीणों का कहना था कि आजादी के बाद से गांव में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है। गांव की कई सड़कें खराब हैं। बारिश के दिनों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से रास्तों पर पानी भर जाता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने गांव में नालियों का निर्माण कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग रखी। उनका कहना था कि इलाज के लिए लोगों को दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। सड़क और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। डीएम चंद्रमोहन गर्ग ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही संबंधित अधिकारियों को गांव भेजकर मौके पर समस्याओं की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर सड़क की मरम्मत और आवश्यक निर्माण कार्य कराने की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कृष्णानंद पांडेय, कार्तिकेय पांडेय, कमलेश पांडेय, सर्वजीत यादव, धनंजय तिवारी, कमलेश शर्मा, उमाकांत पांडेय, वासुदेव राम, निधि पांडेय, सोनू पांडेय, रामदुलार, शंकर, संतलाल, दयाराम, राजू राम और अनिल कुमार शर्मा मौजूद रहे।