कंदवा। बिना जांच के ही कोटा बहाल किए जाने से नाराज बरहनी गांव के लोगों ने शुक्रवार को बरहनी स्थित पुराने खंड विकास कार्यालय पर जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गांव की निलंबित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान को बिना जांच के ही एसडीएम ने मनमाने ढंग से बहाल कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने कोटा को निरस्त कर नए सिरे से गांव में सस्ते गल्ले की दुकान का चयन कराए जाने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बरहनी गांव के कोटे को पिछले वर्ष जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने के बाद निरस्त कर दिया गया था। आरोप है कि उप जिलाधिकारी सदर तीन सदस्यीय टीम गठित कर पुन: जांच का आदेश दिया गया था लेकिन टीम में शामिल लोगों द्वारा गांव में आकर कोई जांच नहीं की। इसी माह चार जुलाई को उप जिलाधिकारी ने कोटा बहाल कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेताया कि कोटा निरस्त कर नए सिरे से सस्ते गल्ले की दुकान का चयन नहीं कराया जाता है बड़ा आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में सावित्री, तपेशरा, मराछी, लक्ष्मिना, उर्मिला, मंजू, शीला, सोनी, संगीता, अनीता, पप्पू, सुरेन्द्र, घूरन, रामगहन, उपेन्द्र, राजेश, नंदू, दशरथ, नथुनी रहे।