सैयदराजा। कोरोना वायरस के चलते देशभर में लॉक डाउन है। इसका लाभ बालू खनन से जुड़े लोग भी खूब उठा रहे हैं। सैयदराजा के नौबतपुर स्थित यूपी बिहार बॉर्डर पर ओवर लोड वाहन धड़ल्ले से पार हो रहे है। इस पर न तो परिवहन विभाग और न ही खनन विभाग की नजर है। इसका लाभ बालू खनन माफिया आसानी से उठा रहे हैं। जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है। सूत्रों के अनुसार इस समय परिवहन और खनन विभाग की ओर से अधिकारियों की ड्यूटी भी नहीं लगाई जा रही है। ड्यूटी न लगने की वजह से बालू की गाड़ियों का आवागमन दिन रात हो रहा है। राजस्व नुकसान के साथ व ओवरलोडिंग की वजह से सड़के क्षतिग्रस्त हो रही है। बालू की गाड़ियों को एजेंट धड़ल्ले से पास करा रहे हैं । वही स्थानीय पुलिस भी चुप्पी साधे हुए है। जिससे धड़ल्ले से बिहार से बालू लादकर यूपी में बिना रवन्ना (रसीद) लिए पूर्वांचल के कई जनपदों में बालू बिक्री की जा रही है वही बालू लड़े वाहनों को पास कराने वाले एजेंट बाजार में ऊंचे दामों पर बेच रहे। दुकानदारों के मुताबिक जो बालू लॉक डाउन से पहले 32 रुपये प्रति घन फुट बिकता था वह बाजार में आज 50 रुपये घन फुट तक पहुंच गया है। जिससे लोगों को निर्माण कार्य करने में अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया की मालवाहक वाहनों को बिना रुके जाने का निर्देश है। ओवरलोड बालू के वाहनों के आवागमन की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई हैं।