नौगढ़। चंदौली और बिहार की सीमा पर शाहपुर गांव के समीप शनिवार को सुबह गुरवट नदी पार करते समय बरातियों से भरा वाहन पलट गया। हादसे में 11 बराती घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सोनभद्र के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र के शाहपुर गांव से बरात बिहार के बघेला गांव गई थी। सुबह वाहनों से बरात वापस आ रही थी। बिहार -चंदौली की सीमा पर गुरवट नदी पार करते समय एक वाहन पलट गया, जिससे उसमें सवार लोग दब गए। चीख पुकार सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकाला और घायलों को सोनभद्र के निजी अस्पताल पहुंचाया। दो लोगों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना में चकरघट्टा थाना के शाहपुर गांव निवासी के राहुल, पंकज, रोशन, वकील, अमरजीत, लाल मुन्ना, मुन्ना, ज्योति, माया, दिलीप होरिला गांव का सनी देओल घायल हो गए। उपचार के दौरान अमरजीत और सनी देओल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों की सलाह पर घर वालों ने सोनभद्र के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इस संबंध में सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि पिकअप पलटने से लोग घायल हुए हैं। सभी का इलाज सोनभद्र के अस्पताल में इलाज चल रहा है।