पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील के तहत क्षेत्र के पड़ाव भूपौली मार्ग पर बहादुरपुर के सिवान में की जा रही प्लाटिंग के खिलाफ वाराणसी विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को अभियान चलाया। बिना नक्शा पास कराए बनाए गए बाउंड्री और भवनों पर वीडीए को बुल्डोजर चला। वीडीए के अधिकारियों ने गलत ढंग से प्लाटिंग करने वालों को सख्त चेतावनी दी। पड़ाव भुपौली मार्ग पर बहादुरपुर गांव के खलिहान में तीन बीघा भूमि और हरिशंकरपुर गांव के 15 बीघा जमीन पर प्लाटिंग की जा रही है। इसकी शिकायत पर शुक्रवार को वाराणसी विकास प्राधिकरण के जोनल अधिकारी गौरव सिंह, संजय तिवारी के नेतृत्व में अधिकारी कर्मचारी जेसीबी के साथ पहुंचे। गौरव सिंह ने बताया कि बहादुरपुर गांव के बाहर खलिहान के समीप उसी गांव का निवासी एक व्यक्ति और हरिशंकरपुर गांव के समीप पंद्रह बीघा वीडीए की सीमा में बिना नक्शा पास कराए प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसकी शिकायत मिलने पर अवैध प्लाटिंग निर्माण को पुलिस बल के मौजूदगी मे जेसीबी मशीन से ध्वस्त किया गया है। इस अवसर पर संजय तिवारी, कैलाश यादव, रविंद्र नाथ, नंदलाल के साथ ही मुगलसराय कोतवाली की पुलिस मौजूद रही।