पीडीडीयू नगर। पटना से रांची के बीच वंदेभारत एक्सप्रेस का संचालन किया जाएगा। चेन्नई से पटना के लिए भेजी गई वंदेभारत एक्सप्रेस मंगलवार को पीडीडीयू नगर से गुजरी। वंदेभारत एक्सप्रेस की बोगियां पीडीडीयू नगर होते हुए मंगलवार को पटना पहुंचीं।
इसको पटना से रांची के बीच संचालित किया जाएगा। इस ट्रेन की 8 बोगियां मंगलवार को पटना के राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन स्थित कॉम्प्लेक्स पहुंच गईं। वहां से ट्रेन का ट्रायल रन कराया जाएगा। ट्रायल सफल होने पर नियमित परिचालन की तारीख तय होगी। जून महीने के दूसरे सप्ताह में वंदेभारत ट्रेन को चलाने की योजना है। इसको संचालित करने के लिए पटना से रांची के बीच के ट्रैक के सुरक्षा मानकों को दुरुस्त किया जा रहा है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि यह ट्रेन मेन लाइन से पटना लाई गई है। संचालन की तारीख ट्रायल रन और ट्रैक का काम पूरा होने के बाद तय की जाएगी।