ताराजीवनपुर। अलीनगर पुलिस और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने शनिवार को अंतरप्रांतीय बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही पर चोरी की चार बाइक, तीन तमंचा, तीन कारतूस और चोरी की दो बैटरी बरामद हुई। युवक यूपी के चंदौली, वाराणसी सहित विभिन्न इलाकों से बाइक चुराते और बिहार में ले जाकर बेच देते थे। क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू अनिरूद्ध सिंह ने बताया कि गिरफ्तार युवकों पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी अनिरूद्ध सिंह ने बताया कि शनिवार की भोर में अलीनगर के प्रभारी निरीक्षक शेषधर पांडेय, सर्विलांस स्वाट टीम निरीक्षक हरिनरायण पटेल, एसआई राजेश कुमार सिंह, जितेन्द्र उपाध्याय आदि की टीम शनिवार की भोर में अलीनगर सकलडीहा मोड़ पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर तीन संदिग्ध आते दिखे। बाइक को रोककर पुलिस ने जांच पड़ताल की तो तीनों के पास से 315 बोर के तीन तमंचे और तीन कारतूस बरामद हुए। बाइक भी चोरी की निकली। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम क्रमश: रफीक निवासी माचिया भभुआ बिहार वर्तमान पता सरेसर, अफजल निवासी नसीरपुर पट्टन थाना अलीनगर, इरफान निवासी सरेसर अलीनगर बताया। तीनों ने बताया कि वे सड़क किनारे खड़े वाहनों की बैटरी चोरी करते हैं। वहीं मौका मिलने पर बाइक चुरा लेते हैं। बाद में उसे बिहार ले जाकर बेचते हैं। तीनों की निशानदेही पर सरेसर गांव में इरफान के घर के पीछे पुआल में छिपाकर रखे चोरी की तीन बाइक, बैटरी आदि बरामद हुआ।