उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से आयोजित यह परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू होगी। परीक्षा तीन दिनों तक पांच पालियों में आयोजित की जाएगी। जिले में यूपीटीईटी की लिखित परीक्षा दो, तीन और चार जुलाई को आयोजित की जाएगी। इसमें दो और तीन जुलाई को दो-दो पालियों में परीक्षा होगी, जबकि चार जुलाई को एक ही पाली में परीक्षा आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली अपराह्न 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा के लिए कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 5,112 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस तरह पांच पालियों में कुल 25,560 अभ्यर्थी शिक्षक पात्रता परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा को लेकर केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और अन्य कार्यों को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। धर्मेंद्र कुमार, डीआईओएस, चंदौली ने कहा कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा कराने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।इसके लिए सभी केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी भी रहेगी। -