पीडीडीयू नगर। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि को बढ़ा दिया है। इसके तहत मालदा टाउन उधना स्पेशल अब एक अक्तूबर तक चलेगी। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए अप उधना मालदा टाउन स्पेशल 28 सितंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को जबकि डाउन में एक अक्तूबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। इसी तरह 12 सितंबर तक प्रत्येक मंगलवार को अप ओखा नाहरलुगान स्पेशल जबकि डाउन में यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को 16 सितंबर तक चलेगी। अप अहमदाबाद- पटना स्पेशल चार सितंबर तक प्रत्येक सोमवार को जबकि डाउन में पांच सितंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। अप में डॉ. आंबेडकर नगर पटना स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार को 29 सितंबर तक जबकि डाउन में तीस सितंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। वहीं उधना बरौनी स्पेशल अप में 27 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को जबकि डाउन में 29 सितंबर तक प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। इन स्पेशल ट्रेनों का समय, ठहराव और कोच संयोजन पूर्व की तरह रहेगा।