संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। नियामताबाद से सोमवार को गुजरते हुए दो युवा स्केटर 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए अनोखी यात्रा पर निकले हैं। सीतामढ़ी के केशु स्केटर और बिहार के राज स्केटर हाथों में धर्म ध्वज और तिरंगा लेकर स्केटिंग के माध्यम से सड़क मार्ग से अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। दोनों ने बताया कि वे भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित करने की भावना के साथ घर से निकले हैं। सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का लक्ष्य रखते हैं। वे 16 दिन से यात्रा पर हैं और रात्रि विश्राम करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। उनका अगला पड़ाव बाबा बैद्यनाथ धाम है, जहां वे जल चढ़ाएंगे। स्केटिंग से जुड़ी यह आध्यात्मिक यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। रास्ते भर लोग उनका हौसला बढ़ा रहे हैं। दोनों युवाओं का कहना है कि उनका उद्देश्य युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति और देशभक्ति के प्रति प्रेरित करना है।