पीडीडीयू नगर। धानापुर क्षेत्र के नरौली गंगा घाट पर सोमवार की दोपहर में स्नान करते समय धाना शहीद मोहल्ले के दो किशोर डूब गए। मल्लाहों ने एक किशोर को तो बचा लिया लेकिन दूसरे की डूबने से मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
धाना शहीद मोहल्ला निवासी जाकिर का पुत्र समीर (15) और नसीम का पुत्र आफताब (16) नहाने के लिए सोमवार को नरौली गंगा घाट पर गए थे। दोपहर में नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मछली मार रहे मल्लाहों ने दोनों को डूबते देखकर गंगा में छलांग लगाई। मगर दोनों ही जलमग्न हो गए थे।
काफी खोजबीन के बाद समीर को मल्लाहों ने बाहर निकाल लिया। उसकी सांस चल रही थी। उसे उन्होंने समीर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। मगर काफी प्रयास के बाद भी आफताब को पानी नहीं निकाला जा सका था। इस बीच दोनों के डूबने की खबर मिलते ही समीर और आफताब के परिवार वाले भी पहुंच गए। थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह मौके पर पहुंच गए। लगभग एक घंटे के बाद आफताब को बाहर निकाला गया। उसे लेकर लोग तुरंत अस्पताल पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
आफताब की मौत से परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है। आफताब नसीम हाशमी का इकलौता पुत्र था और मुंबई में रहता था। बकरीद मनाने के लिए वह गांव आया था।मंगलवार को मुंबई लौटने वाला था।
इनसेट-
दीपक, वंशराज, और चंद्रमा के साहस की सराहना
पीडीडीयू नगर। नरौली गंगा घाट पर स्नान करते समय डूब रहे युवकों को बचाने के लिए दीपक निषाद, वंशराज निषाद, चंद्रमा निषाद ने जान की परवाह किए बिना गंगा में छलांग लगा दी। मल्लाहों के प्रयास से ही समीर समय से बाहर निकाला जा सका और उसकी जान बची। आफताब को भी मल्लाहों ने बाहर निकाला। तीनों के साहस की लोग प्रशंसा कर रहे हैं।