यूपी के चंदौली जिले में अनुशासनहीनता के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल चकिया सीओ शेषमणि पाठक की रिपोर्ट के आधार पुलिस कर्मियों को निलंबित किया। इस कार्रवाई के बाद से महकमे में हड़कंप है।
शहाबगंज थाने में तैनात पुलिस कांस्टेबल रामअवतार पर आरोप है कि विगत 14 नवंबर को शहाबगंज के शिवपुर तिराहे पर चाय विक्रता राजेश शुक्ला के साथ मारपीट की। उसे बेवजह मारा-पीटा गया। दुकानदार ने पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाया कि उसे थाने में ले जाकर पीटा गया। हालांकि महकमे ने खुद की गर्दन बचाने के लिए थाने के बाहर दुकानदार के साथ मारपीट करने की पुष्टि की।
इस मामले की जांच चकिया सीओ शेषमणि पाठक ने की। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने पूरे प्रकरण का संज्ञान लेते हुए सिपाही राम अवतार को निलंबित कर दिया। वहीं शहाबगंज थाने की पीआरवी में नियुक्त आरक्षी नींबूचंद की आमद पुलिस लाइन में थी। लेकिन विगत दिनों शराब पीकर शहाबगंज क्षेत्र में उत्पात मचाने का आरोप है।
सीओ शेषमणि पाठक ने उसे रंगे हाथों पकड़ा तो एसपी से कार्रवाई की संस्तुति कर दी। पुलिस अधीक्षक ने अनुशासनहीनता पर आरक्षी नींबूचद को भी निलंबित कर दिया। चकिया सीओ शेषमणि पाठक ने बताया कि उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए निलंबन की कार्रवाई की है।