चंदौली/टांडाकला। जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। चंदौली कोतवाली के दिवाकर मोड़ के पास पिकअप की टक्कर से बाइक सवार मुनीम की जान चली गई। वहीं, इलिया क्षेत्र के हलवा नवहीं गांव के पास दो बाइक की टक्कर में बलुआ थाना क्षेत्र के चकरा गांव निवासी युवक की मौत हो गई।
सकलडीहा कोतवाली के धनऊर गांव निवासी रामनाथ सिंह के दो पुत्रों में अजय सिंह की चतुर्भुजपुर में परचून की दुकान है। छोटा बेटा संजय सिंह राइस मिल में मुनीम था। संजय सिंह (42) शनिवार को बाइक से पौरा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने निकला था। दिघवट के पास नई बाजार की ओर से आ रहे पिकअप ने संजय की बाइक पर जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही संजय के बड़े भाई अजय सिंह और पुत्र लक्ष्मीकांत उर्फ राजा मौके पर पहुंचे। सदर कोतवाली पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संजय की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। चंदौली कोतवाल गगन राज सिंह ने बताया कि पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई है। परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, बलुआ थाना क्षेत्र के चकरा गांव निवासी प्रह्लाद यादव (35) शुक्रवार को इलिया स्थित अपने साढू के घर गया था। देर रात बाइक से लौटते समय हलवा नवही के पास सामने से आ रहे बाइक से टक्कर हो गई। इससे प्रह्लाद नीचे सड़क पर गिर पड़ा। इसी बीच दूसरी तरफ से आई तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रह्लाद के परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, हादसे की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।