पीडीडीयू नगर। भीषण गर्मी और लू का असर दिखने लगा है। रेलवे स्टेशन पर रविवार को दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति का शव ट्रेन में मिला जबकि दूसरे का प्लेटफार्म पर। एक अन्य यात्री यात्रा के दौरान अचेत हो गया। उसे रेलवे लोको मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार की शाम पांच बजे अप महाबोधि एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफार्म संख्या सात पर पहुंची तो यहां यात्रियों ने बताया कि एस-2 कोच के गेट पर व्यक्ति अचेत है। रेलवे अस्पताल से डॉ. एकता राज चिकित्सकों की टीम के साथ पहुंचीं। जांच करने के बाद मृत घोषित कर दिया। जीआरपी के अनुसार यात्री की उम्र लगभग 55 वर्ष थी। उसके पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान रामजी के रूप में हुई है। वह गाजीपुर के नौली का रहने वाला है।
प्लेटफार्म संख्या तीन और चार पर एक बुजुर्ग व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। यात्रियों की सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम पहुंची। चिकित्सकों ने की उसकी जांच की तो वह मृत था। उसकी पहचान नहीं हो सकी। उसने सफेद रंग का पायजामा पहन रखा था। लंबी दाढ़ी थी।
दोपहर में पौने दो बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बक्सर पैसेंजर पहुंची। इसमें यात्रियों ने बताया कि एक यात्री अचेत है। उसे लोको मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। इस संबंध में जीआरपी पीडीडीयू प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि लू लगने से यात्रियों की मौत हुई है लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चलेगा।