पीडीडीयू नगर। जिले में कोरोना संक्रमितों के मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को दो और संक्रमितों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं आज 611 नए संक्रमित मिले, जबकि 264 संक्रमितों ने विषाणु को मात दी और स्वस्थ हुए। इसकी पुष्टि डीएम संजीव सिंह ने की है। शुक्रवार को आई कोरोना रिपोर्ट में 611 नए संक्रमित मिले। इसमें 12 बालक, 12 बालिका, 157 महिला और 430 पुरूष हैं। सभी स्थानीय हैं और सभी लोकल ट्रैवलिंग या अपने कार्यस्थल से संक्रमित हुए हैं। संक्रमितों में एक बार फिर सबसे अधिक पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के हैं। यहां 198 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं बरहनी ग्रामीण क्षेत्र में नौ और शहरी क्षेत्र में दो, चहनियां में 62, चकिया ग्रामीण क्षेत्र के 23 और नगरीय क्षेत्र के 18, चंदौली ग्रामीण क्षेत्र के 59 और नगरीय क्षेत्र के 49, धानापुर के 14, नौगढ़ के चार, नियामताबाद ब्लाक के 81 रहवासी हैं। इसी तरह सकलडीहा ब्लाक में 67 और शहाबगंज ब्लाक 24 नए संक्रमित मिले हैं। इनके संपर्क में आए अन्य व्यक्तियों की कांटैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। जिले में आज कोरोना की जांच के लिए 1580 नमूने संग्रहित किए गए। दूसरी तरफ आज 264 संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ हुए है। वहीं दो संक्रमितों की इजाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह जिले में मृतकों की संख्या बढ़कर 103 हो गई है। इस तरह जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9696 हो गई। इनमें एक्टिव केस की संख्या 3266 है जबकि 6327 व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं।