मुगलसराय। धानापुर थाना क्षेत्र के धरांव गांव स्थित मदरसे में सोमवार की सुबह परीक्षा के दौरान बिजली गिरने से दो अध्यापकों इश्तिखार और असमद शमीम की मौत हो गई, जबकि छात्र और शिक्षक समेत छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
बिजली से मदरसे का एक कमरा भी क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने झुलसे लोगों को धानापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
क्षेत्र के धरांव स्थित मदरसा अल तौहीद एजुकेशनल में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक के बच्चों की पहली पाली की परीक्षाएं चल रही थी। सुबह करीब नौ बजे बारिश और ओला वृष्टि के बीच तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। जिसकी चपेट में आकर आठ लोग झुलस गए। चीख पुकार सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई। आनन फानन में 108 नंबर एंबुलेंस को भी सूचना दी गई, लेकिन वह नहीं पहुंची। तब सभी को निजी साधनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने अध्यापक इश्तिखार (35) और असमद शमीम (40) को मृत घोषित कर दिया। जबकि अध्यापिका सैयदा जमाल (45), नाहिदा (21), छात्र इमरान (11), साजिया (12), फलक (09), मेहनूर (08) की गंभीर रूप से झुलसने से हालत गंभीर है। सूचना पाकर थानाध्यक्ष योगेन्द्र यादव, सीओ सकलडीहा श्यामदेव बिंद और एसडीएम जवाहर लाल श्रीवास्तव आदि मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद गांव में खलबली मच गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।