पीडीडीयू नगर। नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर पालिका इस बार लगभग दो करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसमें लगभग 1.71 करोड़ रुपये से सफाई व्यवस्था के लिए विभिन्न सामानों की खरीदारी होगी। वहीं लगभग 30.50 लाख बॉयो रेमेडियल विधि से नालो की सफाई पर खर्च होंगे। इससे नालों का मलयुक्त पानी साफ होने के बाद ही गंगा नदी में गिरेगा। नगर के विकास के लिए पालिका की ओर से लगातार कार्य किये जा रहे हैं। नालों व सड़कों के निर्माण के साथ नगर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। नगर पालिका की ओर से टेंडर के माध्यम से 16 लाख रुपये की लागत से 200 हाथ ठेला खरीदा जाएगा। जो कि गलियों से कूड़ा उठाने के उपयोग में आयेगा। इसके अलावा 77.29 लाख रुपये की लागत से विभिन्न क्षमता से 62 कंटेनर खरीदे जाएंगे। इसके साथ ही 28.75 लाख रुपये की लागत से बैको लोडर, 12 लाख रुपये से मिनी ट्रैक्टर, 32.50 लाख की लागत से एक डंफर व पांच लाख रुपये की लागत से दो कूड़ा ट्राली खरीदी जाएंगी। इसके अलावा नगर में चतुर्भुपुर व चंदासी-महमूदपुर नालों की सफाई बॉयो रेमेडियल विधि से होगी, जिसपर लगभग तीस लाख पचास हजार रुपये खर्च होंगे। उम्मीद है कि इससे नगर की सफाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।