पीडीडीयू नगर। रेलवे सुरक्षा बल पीडीडीयू पोस्ट और सीआईबी ने रेलवे स्टेशन यार्ड के डीजल शेड के समीप से बृहस्पतिवार की देर शाम दो व्यक्तियों को चोरी के फिश प्लेट और पेंडॉल क्लिप के साथ गिरफ्तार किया। दोनों लंबे समय से रेलवे यार्ड से सामान चुरा रहे थे। दोनों पर पहले भी कई मुकदमें दर्ज हैं।
आरपीएफ पीडीडीयू पोस्ट के एएसआई आकाश रंजन, कांस्टेबल अशोक कुमार यादव, सीबीआई के हेड कांस्टेबल पवन कुमार आदि यार्ड में जांच पड़ताल कर रहे थे। वे डीजल शेड के समीप पहुंचे तो दो संदिग्ध व्यक्ति दिखे। उन्हें पकड़ कर उनके पास के बोरे की तलाशी ली गई तो उसमें रेलवे से चोरी के सामान बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम क्रमश: सबीर शेख और गफूर शेख निवासी बच्चनपुर थाना मलालपुर वीर भूमि पश्चिम बंगाल और वर्तमान पता भदऊ चुंगी आदमपुर वाराणसी बताया। जांच में दोनों के पास से दो फिशप्लेट और 11 पेंडोल क्लिप बरामद हुआ।