नौगढ़। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के हनुमानपुर गांव में पास जंगल में बुधवार को शराब बना रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मौके से 180 लीटर लहन, कच्ची शराब और उपकरण जब्त किए गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।
सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि हनुमानपुर जंगल के किनारे मड़हे में शराब बनाई और बेची जा रही है। इस पर थानाध्यक्ष चकरघटृटा भूपेंद्र निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारा। इस दौरान हनुमानपुर के जंगल में एक मड़हे से धुआं उठते दिखा। टीम मौके पर पहुंची तो दो लोग शराब बना रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मौके से 180 लीटर महुआ का लहन और शराब बनाने के कई उपकरण बरामद किए गए। गिरफ्तार किए गए आरोपी प्यारे खरवार और शिवशरण कोल, निवासी हनुमानपुर, थाना चकरघट्टा, चंदौली ने पुलिस को बताया कि वह महुआ की शराब बनाकर आसपास के गांवों में बेचते हैं।