पीडीडीयू नगर। नगर स्थित एलबीएस पीजी कालेज में बुधवार को विभिन्न पदों के 45 में से 12 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिया। इसके चलते अब 33 प्रत्याशी ही चुनाव में ताल ठोकेंगे। इसमें वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद के लिए एक प्रत्याशी के मैदान में होने के कारण उसके निर्विरोध चयनित होने की संभावना जताई जा रही है। लाल बहादुर शास्त्री पीजी कालेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए 17 मार्च को सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा। बुधवार को चुनाव से नामांकन वापसी की प्रकिया पूरी की गई। इस दौरान अध्यक्ष पद से तीन, उपाध्यक्ष से चार, महामंत्री पद से चार व वाणिज्य संकाय प्रतिनिध पद से एक प्रत्याशी से अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद अब चुनाव मैदान में अध्यक्ष पद के लिए चार, उपाध्यक्ष पद के लिए पांच, महामंत्री के लिए चार, पुस्तकालय मंत्री पद के लिए दो, कला संकाय प्रतिनिधि पद के लिए 16 व वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद से लिए एक प्रत्याशी मैदान में है। सभी प्रत्याशियों ने अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। छात्र-छात्रा मतदाताओं के घर जाकर वोट मांग रहे हैं। वहीं कालेज व आसपार क्षेत्र में प्रत्याशियों के बड़े-बड़े बैनर पोस्टर भी लगा दिये गए है। इस संबंध में चुनाव अधिकारी विवेक कुुमार सिंह ने बताया कि 17 माच को होने वाले मतदान के लिए तैयारियां की जा रही है। चुनाव को देखते हुए लिंगदोह की सिफारिशों का पालन किया जाएगा।