सैयदराजा-जमानियां राष्ट्रीय राज मार्ग पर बरहनी गांव स्थित बीएसएनएल टॉवर के पास बृहस्पतिवार की देर रात ट्रक और पिकअप की आमने सामने हुई टक्कर में पिकअप चालक सहित दो लोग जख्मी हो गए। घटना के बाद मार्ग पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। तत्पश्चात लगभग आधे घंटे बाद सड़क पर से वाहनों को हटाकर रास्ता खुलवाया। तब जाकर वाहनों का गमनागमन शुरू हो सका।
रसड़ा बलिया निवासी गौतम यादव (47) अपने साथी धर्मेंद्र पांडेय के साथ पिकअप पर सोनभद्र से मिर्चा लादकर बलिया लौट रहा था। अभी वह बरहनी गांव स्थित बीएसएनएल टावर के पास पहुंचा था कि जमानिया की ओर से आ रहे ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस घटना में चालक गौतम यादव और धर्मेंद्र पांडेय निवासी रसड़ा बलिया घायल हो गए। चालक गौतम पांडेय का शरीर स्टेयरिंग में फंस गया। सूचना पर पहुंचे रामपुर चौकी प्रभारी मनोज पांडेय ने घायलों को काफी मशक्कत के बाद किसी तरह बाहर निकलवाया और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया।