इलिया। चकिया दूरभाष केंद्र स्थित उपभोक्ता सेवा केंद्र बंद कर दिये जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आधार कार्ड बनवाने तथा संशोधन करवाने के लिए क्षेत्रिय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर लोगों में काफी नाराजगी है। दूरभाष केंद्र चकिया पर जनवरी माह में उपभोक्ता सेवा केंद्र खोलकर लोगों को नया आधार पंजीकरण कराने, आधार संशोधन सहित लैंडलाइन, ब्रॉडबैंड कनेक्शन, सिम संबंधित कई सुविधाएं प्रदान की जाती रही हैं। लोगों को सबसे अधिक नया आधार कार्ड बनवाने और संशोधन में काफी सहूलियत मिल रही थी कि अधिकारियों ने उपभोक्ता केंद्र को बंद करवा दिया। जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्र के जितेंद्र कुमार, अरविंद, पवन सिंह, प्रवीण कुमार, दशरथ प्रसाद, जोगेंद्र सिंह, रमेश कुमार ने महाप्रबंधक दूरसंचार वाराणसी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए चकिया स्थित दूरभाष केंद्र पर उपभोक्ता सेवा केंद्र को चालू कराए जाने का मांग की है।